कर्नाटक में भाजपा के अगली सरकार बनाने का दावा पेश करने की संभावना के बीच उसके विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी। इससे एक दिन पहले राज्य में कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार गिर गई। उसे विधानसभा में विश्वास मत में भाजपा के 105 मतों के मुकाबले 99 वोट ही मिल पाए जिसके साथ ही राज्य में करीब तीन सप्ताह से चल रही राजनीतिक नाटकबाजी पर विराम लग गया।
भाजपा के प्रदेश महासचिव सी टी रवि ने कहा, “हमारी आज विधायक दल की बैठक होगी और हम संसदीय बोर्ड के निर्देशों का इंतजार करेंगे। यह आ सकता है, इसके बाद हम सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।”
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अगले कदम पर फैसला लेने के लिए बैठक पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे शुरू होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पार्टी बृहस्पतिवार को राज्यपाल वजुभाई वाला से संपर्क कर सकती है और सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में यहां पार्टी कार्यालय में उमड़ने के कारण अब कांग्रेस और जद(एस) से हटकर सत्ता का केंद्र भाजपा पर जा टिका है। अभिनेत्री से नेता बनीं तारा ने भाजपा कार्यालय के बाहर पत्रकारों से कहा, “हम सभी इस शानदार क्षण का इंतजार कर रहे हैं। मतदाताओं ने अपनी पहली पसंद के तौर पर भाजपा को चुना था। अब भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। राज्य भर में जश्न का माहौल है।”
इस बीच, असंतुष्ट विधायकों ने बेंगलुरू ना लौटने का फैसला किया है। हुन्सुर से असंतुष्ट जद(एस) विधायक ए एच विश्वनाथ ने कहा, “तत्काल बेंगलुरू लौटने की कोई योजना नहीं है। हम कुछ और वक्त के लिए यहां रुकेंगे।”
बहरहाल, उन्होंने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या असंतुष्ट विधायक भाजपा सरकार के सत्ता में आने का इंतजार कर रहे हैं। विधानसभा में विश्वास मत हारने के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कर्नाटक के राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेज दिया था।


Download Android App
Download iOS App



