कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया ने रविवार को कहा कि राज्य में अगले चार महीनों के अंदर विधानसभा मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। सिद्धारमैया ने रविवार को कहा कि कांग्रेस मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार है और उन्होंने हाल में दक्षिण कन्नड़ जिले के दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं से चुनाव का सामना करने के लिए तैयार रहने का आह्रान किया था और यह चुनाव दिसंबर में हो सकता है।
उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रत्येक बाढ़ प्रभावित के लिए 10,000 रुपये देने की भाजपा सरकार की घोषणा पर्याप्त नहीं है। सिद्धारमैया ने राज्य सरकार से कम से कम एक लाख रुपये जारी करने का आग्रह किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा सिर्फ भाषण दे रहे हैं और बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने के कोई प्रयास नहीं किये गये। ऐसे समय में केंद्र सरकार भी बाढ़ प्रभावित 22 जिलों में राहत एवं पुनर्वास कार्य के लिए राशि जारी करने में असफल रही है। उन्होंने कहा, “अतीत में ऐसा कभी नहीं हुआ, बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करनी चाहिए। हमने अंतरिम राहत के रूप में जल्द से जल्द 5,000 करोड़ रुपये जारी करने की मांग की थी लेकिन हमें एक रुपया भी नहीं दिया गया।”


Download Android App
Download iOS App



