कर्नाटक में वेतन संबंधी मुद्दों के चलते सड़क परिवहन निगमों (आरटीसी) के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बृहस्पतिवार को नौवें दिन भी जारी रहने से समूचे राज्य में बस सेवा प्रभावित हुई। छठे वेतन आयोग के मुताबिक वेतन की मांग को लेकर राज्य में चार परिवहन निगमों के कर्मचारियों और सरकार के बीच गतिरोध जारी रहने से अधिकतर कर्मचारी काम पर नहीं आए। सड़कों पर बसों के नहीं आने से लोगों को दिक्कतें हुई।
प्रदर्शन तेज करते हुए हड़ताली कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार की शाम मोमबत्ती जुलूस निकालने का फैसला किया है।हड़ताली कर्मचारियों ने सभी विधायकों से भी संपर्क करने की योजना बनायी है ताकि वे सरकार के स्तर पर उनके मुद्दों को उठा सकें।
सरकार द्वारा ‘‘काम नहीं तो वेतन नहीं’’ की कड़ी कार्रवाई की चेतावनी के बीच निगमों के कुछ कर्मचारी काम पर लौट आए हैं और शहर और राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुछ मार्गों पर बसों का संचालन हो रहा है।परिवहन विभाग का प्रभार संभाल रहे उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने बुधवार की शाम को कहा था कि सरकार के आग्रह पर कर्मचारियों के काम पर लौटने से अब 3200 से ज्यादा बसों का संचालन हो रहा है।उन्होंने कर्मचारियों से हड़ताल के लिए उकसा रहे निहित तत्वों की बातों पर ध्यान नहीं देने और काम पर लौटने की अपील की।


Download Android App
Download iOS App



