केरल: एक और RSS कार्यकर्ता की हत्या, इस संगठन पर लगा आरोप

Summary :

केरल के पल्लकड़ में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) कार्यकर्ता की हत्या की गई है। जानकारी के मुताबिक, यह कार्यकर्ता सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ कहीं जा रहा था, तभी उसपर हमला किया गया।

देश का जाना-माना संघ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के एक और कार्यकर्ता की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है।  केरल के पल्लकड़ में आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या की खबर मिली है। खबर के मुताबिक, यह कार्यकर्ता सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ कहीं जा रहा था, तभी उसपर हमला किया गया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय एस संजीत के तौर पर हुई है।
डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया पर लगा आरोप 
आरएसएस कार्यकर्ता अपनी पत्नी के साथ सफर कर रहा था। भाजपा जिला अध्यक्ष केएम हरीदास ने इस हत्या के लिए सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया पर आरोप लगाया है, जो कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया यानी पीएफआई की राजनीतिक इकाई है।

पुलिस ने बताया कि संजीत के शरीर पर 50 से ज्यादा बार धारधार हथियार से वार के निशान मिले हैं। हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और इसके मद्देनजर स्थानीय पुलिस ने तनावग्रस्त इलाके की सुरक्षा को कड़ा कर दिया है। तो वहीं,  पुलिस इस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। हालांकि, यह पहली बार नहीं जब केरल में आरएसएस वर्कर की जान ली गई हो।
इसी साल फरवरी में भी एक आरएसएस कार्यकर्ता की मौत के बाद राज्य में बीजेपी और हिंदू संगठनों ने बंद का आह्वान किया था। उस समय चेर्थला के पास नगमकुलनगरा इलाके में आरएसएस और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के बीच हुई झड़प में संघ के कार्यकर्ता नंदू की मौत हो गई थी। एसडीपीआई इस्लामिक संगठन पीएफआई की राजनीतिक इकाई है।

Desk Team