केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के जीत की ओर अग्रसर होने के बाद माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने रविवार को राज्य की जनता का आभार जताया और कहा कि उनकी पार्टी लोगों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों से निपटना जारी रखेगी। विधानसभा चुनाव के अब तक के रुझानों में माकपा की अगुवाई वाला एलडीएफ फिर से सरकार बनाने की स्थिति की तरफ बढ़ रहा है।
येचुरी ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘माकपा नीत एलडीएफ अपनी भूमिका निभाएगा और हम आशा करते हैं कि केरल के लोग हमेशा की तरह आगे भी मजबूती के साथ खड़े रहेंगे।’’ माकपा नेता ने कोरोना महामारी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि पूरे देशों के लोगों को मिलकर इस महामारी के खिलाफ लड़ना होगा।
केरल में सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा सत्ता में फिर से काबिज होने के लिए तैयार है और वह राज्य में जारी मतगणना के मद्देनजर आ रहे रुझानों में 140 में से कम से कम 94 सीटों पर आगे चल रहा है। अगर वे जीत जाते हैं तो दक्षिणी राज्य में कम्युनिस्ट और कांग्रेस नीत यूडीएफ के बीच सत्ता की अदला-बदली के चार दशक पुराने चलन को खत्म कर देंगे।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, एलडीएफ 85 सीटों पर आगे है जबकि विपक्षी दल कांग्रेस नीत यूडीएफ 44 और भाजपा की अगुवाई वाला राजग तीन सीटों पर आगे है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, वाम मार्चा 14 जिलों में से 10 में अपने प्रतिद्वंद्वियों से कहीं आगे है।


Download Android App
Download iOS App



