ठाणे जिले के मुम्ब्रा से डेढ़ साल के एक बच्चे के अपहरण के छह दिन बाद शुक्रवार को उसे पास के पालघर जिले के बोईसर से मुक्त करा लिया गया। अपहरण मामले में पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी थी। पुलिस ने बताया कि बच्चे का कथित रूप से अपहरण करने वाले शख्स को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी (अपराध) दीपक देवराज और डीसीपी (जोन-I) एसएस बरसे ने शुक्रवार को बताया, ‘‘बच्चे के पिता मुम्ब्रा के रहने वाले मोनू कुमार पासी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह जुलाई को नागेश पासी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था।’’ अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता और आरोपी उत्तर भारत के एक ही गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी बच्चे के चाचा अवधेश कुमार का दोस्त है।
देवराज ने बताया, ‘‘बृहस्पतिवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता के रिश्तेदार को फोन किया था और बच्चे की रिहाई के एवज में पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।’’ इस बीच मामले की जांच कर रही अपराध शाखा को कुछ जानकारी मिली और पता चला कि बच्चे को बोईसर में रखा गया है। उन्होंने बताया, ‘‘इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शुक्रवार सुबह बच्चे को मुक्त कराया। नागेश भी वहीं मौजूद था, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।’’ ठाणे के पुलिस आयुक्त विवेक फंसालकर ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया।


Download Android App
Download iOS App



