देहरादून : महाराष्ट्र के नए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता के इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को सौंपा। महाराष्ट्र के राज्यपाल पद पर मनोनयन के बाद भगत सिंह कोश्यारी दून डिफेंस कॉलोनी स्थित अपने आवास पहुंचे। कोश्यारी ने नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक रूप से सशक्त राज्यों में महाराष्ट्र नंबर एक स्थान पर है। मेरी कोशिश रहेगी कि महाराष्ट्र की आर्थिक मजबूती का फायदा उत्तराखंड को पहुंचा पाऊं। वहां के बड़े निवेशकों को उत्तराखंड लाने की कोशिश रहेगी। इससे दोनों राज्य के परस्पर संबंध और बेहतर होंगे। कोश्यारी ने कहा कि वे शिखर से सागर की ओर जा रहे हैं। महाराष्ट्र हर दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। वहां की संस्कृति और साहित्य को समझने और पढ़ने का अवसर मिलेगा।
मेरा यह सर्वोच्च प्रयास होगा कि महाराष्ट्र की आर्थिक उन्नति का लाभ उत्तराखंड को मिले। वहां के लोग केदारनाथ और बदरीनाथ धाम आते हैं, वे भली भांति उत्तराखंड को समझते हैं। बस जरूरत है कि दोनों राज्यों के संबंध और मजबूत हों, जिससे उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि शपथ लेने के लिए वे जल्द महाराष्ट्र रवाना होंगे।


Download Android App
Download iOS App



