कोविड-19 के संक्रमण का कहर अभी भी जारी है इस महामारी का प्रसार थमने का नाम ही नहीं ले रहा है आए दिन इसके संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। जहां एक ओर इस वायरस की चपेट में आए मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर भी इस इस वायरस की चपेट में आ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर लॉकडाउन का पालन करवा रहे कई पुलिसकर्मी भी इसकी चपेट में आ चुके हैं।
ताजा मामला पूर्वी मुंबई का है जहां कुर्ला पुलिस थाने में तैनात दो पुलिस कांस्टेबल कोरोना वायरस संक्रमण से संक्रमित पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मंगलवार को कुर्ला पुलिस थाने के इन कांस्टेबलों की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई और उन दोनों को पृथक-वास में रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों की उम्र 40-50 वर्ष के करीब है और उनमें से एक ऐरोली में रहता है, जबकि दूसरा नेहरू नगर की पुलिस कॉलोनी में रहता है।
पुलिस विभाग में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए एक कांस्टेबल ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘हम अपने परिवारों के बारे में चिंतित हैं। कौन जानता है कि कितने लोग संक्रमित पुलिसकर्मियों के संपर्क में आए थे? कई कर्मियों की उम्र 50 से ऊपर हैं और वे अभी भी काम कर रहे हैं।’
इस बीच कुर्ला पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक दत्तात्रय शिंदे ने कहा, ‘यह सच है कि 50 साल से अधिक उम्र के पुलिसकर्मी अभी भी काम कर रहे हैं, लेकिन हमने 55 साल से अधिक की उम्र वाले पुलिसकर्मियों को छुट्टी दे दी है।’ उन्होंने कहा कि बीएमसी कुर्ला पुलिस थाने में अन्य कर्मचारियों की जांच करने का फैसला करेगी।


Download Android App
Download iOS App



