रुद्रपुर : पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लेने पर पति ने उसके प्रेमी को फावड़े से प्रहार कर मौत के घाट उतारा था। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने कातिल व साक्ष्य को छिपाने की आरोपी उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी बरिंदर जीत सिंह ने बताया कि कल ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गंगापुर निवासी राणा प्रताप 36 की हत्या करके उसका शव शमशान के पास झाडिय़ों में छिपा दिया गया था। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
जिस पर थानाध्यक्ष बीडी जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मृतक के मोबाइल की सीडीआर निकाली जिसके आधार पर अनिल सिंह पुत्र अलख नारायण सिंह निवासी कृष्णा ग्रीन कालोनी को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से ग्राम फुलवरिया थाना मांझी जिला छपरा बिहार का रहने वाला है। पूछताछ में अनिल ने बताया कि वह सिडकुल की औरंगाबाद इलैक्ट्रिकल्स में काम करता है। राणा प्रताप से उसकी दोस्ती थी तथा उसका घर आना-जाना था।
राणा प्रताप उसकी पत्नी रुकमणि उर्फ मिनी पर बुरी नजर रखने लगा। तीन अप्रैल की रात को उसने राणा प्रताप की दावत अपने घर की थी। उसका कहना है कि राणा प्रताप ने उसे पेप्सी लाने को कहा तो वह पेप्सी लेने चला गया। जब वह लौटा तो राणा प्रताप उसकी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था, जिससे गुस्से में आकर उसने फावड़े से राणा प्रताप के सिर पर वार कर दिया। राणा प्रताप गिरा तो वह उसे छत पर ले गया, जहां डंडों से उसके सिर पर कई प्रहार किए। उसके हाथ पैर एक नाड़े से बांध कर एक खाद के खाली कट्टे में डाल कर उसे स्कूटी से शमशान घाट से पहले झाडिय़ों में छिपा दिया।
इस घटना के बाद रुकमणि ने अपराध के साक्ष्य छुपाने के लिए घर की धुलाई करके एवं शव को छिपाने में मदद की। जिस पर पुलिस ने रुकमणि को भी गिरफ्तार कर लिया। अनिल की निशानदेही पर फावड़े का अगला हिस्सा बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बीडी जोशी, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र आर्या, हरविंद्र सिंह, कांस्टेबिल उमेश पंत, नीरज शुक्ला,कुलदीप, नवीन गिरी, प्रकाश भगत, महेंद्र डंगवाल, संतोष, यामीन आदि शामिल थे।
– सुरेंद्र तनेजा


Download Android App
Download iOS App



