रुड़की : क्रिकेटर ऋषभ पंत ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम में महेंद्र सिंह धोनी पिछले 15 साल से बढ़िया क्रिकेट खेल रहे हैं। वह भारतीय क्रिकेट टीम के हीरो हैं। हरिद्वार रोड पर एक कार्यक्रम के अवसर पर ऋषभ पंत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि किसी बच्चे का खेल के प्रति रुझान हो तो अभिभावकों को उसे प्रेरित करना चाहिए। खेल में भी करियर बनाया जा सकता है।
क्या पता आज का बच्चा कल महेंद्र सिंह धोनी या ऋषभ पंत बन सकता है। उन्होंने कहा कि धोनी लगातार पंद्रह साल से बेहतर क्रिकेट खेल रहे हैं। आस्ट्रेलिया से वन डे सीरिज में आखरी दो मैच धोनी नहीं खेले तो खेल का परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आया। यदि वह खेलते तो हमारी टीम और बेहतर करती।
विश्व कप की टीम में चयन को लेकर पूछे गए सवाल को ऋषभ पंत टाल गए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व शुरू हो चुका है। लोगों को अधिक से अधिक मतदान करना चाहिए। देश में आज भी लोग कम मतदान करते हैं जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
ऋषभ पंत के साथ सेल्फी लेने को युवाओं में धक्का-मुक्की : क्रिकेटर ऋषभ के के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं में जबरदस्त धक्का-मुक्की हुई। ओटोग्राफ लेने के लिए भी हर कोई लालायित नजर आया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से ऋषभ को कार तक पहुंचाया। दोपहर करीब 12 बजे ऋषभ रुड़की के मलकपुर चुंगी पर पहुंचे।
यहां पर पहले से जमा लोगों की भीड़ उनकी एक झलक पाने को बेताब नजर आई। सेल्फी लेने के दौरान काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। पुलिस की ओर से मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया गया।


Download Android App
Download iOS App



