लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में दल बदल का दौर जारी है। गुरुवार को होशंगाबाद में भाजपा की एक सभा में कांग्रेस की पूर्व विधायक साधना स्थापक ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ले ली। होशंगाबाद से भाजपा प्रत्याशी उदय प्रताप सिंह के नामांकन पत्र जमा करने से पूर्व आयोजित जनसभा में गाडरवारा की कांग्रेस नेत्री और पूर्व विधायक साधना स्थापक एवं जनपद अध्यक्ष शशिकांत पटेल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर भार्गव ने कहा, ‘यह चुनाव देश के भविष्य को तय करने वाला चुनाव है। आने वाले दिनों में जो परिश्रम कार्यकर्ता करेंगे, उससे देश की दिशा और दशा तय होगी। इस लोकसभा चुनाव में एक वोट से दो सरकारें चुनने का अवसर मिल रहा है। वोट से पहले तो केंद्र में मोदी की सरकार दोबारा बनेगी। साथ ही प्रदेश की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार भी गिर जाएगी।’


Download Android App
Download iOS App



