मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में धार जिले में एक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। राज्य में स्कूल नहीं खुलने से नाराज होकर इस शिक्षक ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।
यह घटना 20 जुलाई को धार जिला मुख्यालय से करीब 130 किलोमीटर दूर कुक्षी कस्बे में शिक्षकों की समीक्षा बैठक के दौरान हुई थी और इसका हाल ही में एक मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। धार के जिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि रविवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी शिक्षकों को मध्य प्रदेश सेवा आचरण नियमों का पालन करना चाहिए। घटना के बारे में पता करने के बाद मैंने आदिवासी विभाग से शिक्षक गोविंद सिंह अलावा को निलंबित करने को कहा। उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।’’


Download Android App
Download iOS App



