महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने राज्य सरकार में गठबंधन भागीदारों के बीच ‘मतभेद’ के विपक्षी भाजपा के दावों को खारिज कर दिया और कहा कि गठबंधन के बीच ‘सुगम’ तालमेल है। ठाकरे ने महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) के विधायकों की बैठक में कहा कि पिछले तीन महीनों से सहयोगियों के बीच ‘‘अच्छा तालमेल और सहयोग’’ है।
राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस शामिल है। उन्होंने गठबंधन सहयोगियों के बीच आगे सहयोग मजबूत करने की बात कही। एक मंत्री ने बताया कि ठाकरे ने विधायकों से कहा, ‘‘हाल में दिल्ली की मेरी यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अच्छी बातचीत हुई।
हमने एक घंटे तक तकरीबन हर मुद्दे पर चर्चा की।’’ एक सूत्र ने बताया कि ठाकरे ने विधायकों से कहा कि वह राकांपा अध्यक्ष शरद पवार और कांग्रेस नेतृत्व के साथ लगातार संपर्क में हैं और गठबंधन में मतभेद के भाजपा के बयानों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले कृषि कर्ज माफी योजना का क्रियान्वयन सोमवार से शुरू होगा और सभी लाभार्थी किसानों के दो लाख तक के कर्ज 31 मार्च तक माफ कर दिए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, तीनों दलों की समन्वय बैठक के दौरान एनपीआर, सीएए और वी डी सावरकर के सम्मान के लिए भाजपा द्वारा लाए जाने वाले प्रस्ताव को लेकर चर्चा होगी।


Download Android App
Download iOS App



