भ्रष्ट नेताओं को खरीद सकती है BJP, तृणमूल कांग्रेस में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं : ममता बनर्जी

Summary :

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस में भ्रष्ट लोगों के लिए कोई जगह नहीं है, जो पार्टी छोड़कर जाना चाहते हैं, वे तत्काल जा सकते हैं।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज है। वहीं सभी राजनीतिक पार्टियों के बीच बयानबाजी का दौर भी जारी है। इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस में भ्रष्ट लोगों के लिए कोई जगह नहीं है, जो पार्टी छोड़कर जाना चाहते हैं, वे तत्काल जा सकते हैं।
बंगाल में NRC लागू करने की कभी नहीं दूंगी अनुमति 
अलिपुरद्वार में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा एनआरसी के नाम पर लोगों के बीच डर पैदा करना चाहती है। मैं पश्चिम बंगाल में एनआरसी लागू करने की अनुमति कभी नहीं दूंगा। उन्होंने भाजपा पर खरीद फरोख्त का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी कुछ भ्रष्ट नेताओं को खरीद सकती है लेकिन तृणमूल कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं को नहीं।
तृणमूल कांग्रेस छोड़कर जो गए हैं, विधानसभा चुनाव के बाद उनकी दुकानें बंद हो जाएगी
टीएमसी के बागी नेताओं को लेकर सीएम ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस छोड़कर जो गए हैं, वे चुनाव नहीं जीतेंगे और विधानसभा चुनाव के बाद उनकी दुकानें बंद हो जाएगी। ममता बनर्जी ने पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि वन विभाग में ‘‍ ‍‍वन सहायक’ की भर्ती में विसंगतियों की जांच करेंगे।
मुख्यमंत्री ने ‘भीतरी बनाम बाहरी’ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बंगाल के लोग ही बंगाल पर शासन करेंगे न कि गुजरात से आने वाले लोगों का शासन होगा। तृणमूल कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं को भाजपा में शामिल करने के लिए एक चार्टर्ड विमान भेजने को लेकर भी बनर्जी ने भगवा दल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास प्रवासी श्रमिकों की यात्रा का खर्चा उठाने के लिए धन नहीं है लेकिन इन भ्रष्ट नेताओं की यात्रा का बंदोबस्त करने के लिए उन्हें पैसे खर्च करने से परहेज नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक व्यक्ति जिनके पास वन विभाग में ‘वन सहायकों’ की भर्ती की जिम्मेदारी थी, वह भ्रष्ट गतिविधि में संलिप्त पाए गए। हम इसकी जांच करेंगे। हर चीज की जांच की जाएगी। वह व्यक्ति भ्रष्टाचार में लिप्त रहने के बाद अब भाजपा में शामिल हो गया और अब दूसरों को भाषण दे रहा है ।’’ राजीव बनर्जी पिछले सप्ताह तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए और वह प्रदेश सरकार के पूर्व वन मंत्री हैं।
तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा के पाले में जाने वालों की आलोचना करते हुए बनर्जी ने दावा किया कि सिर्फ ‘लालची’ ही भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे लोग जो पार्टी छोड़कर जाना चाहते हैं, उन्हें तत्काल चले जाना चाहिए। दरवाजे खुले हैं। लेकिन अगर आप पार्टी में हैं तो आपके अनुशासित सैनिक की तरह काम करना होगा। मैं आपको बता दूं कि जो दूसरे दल में शामिल हुए हैं, उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में हार मिलेगी और उनकी दुकानें उसके बाद बंद हो जाएगी।’’ 
वहीं इससे पहले ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ”गैस का गुब्बारा है, जो केवल मीडिया में ही जिंदा है” और यह दागियों के लिये ”वाशिंग मशीन” भी है। बनर्जी ने कहा कि टीएमसी छोड़ भाजपा में जाने वालों ने ऐसा इसलिये किया ताकि उन्होंने जो पैसा जमा किया है, उसे सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा, ”उन्हें ऐसा करने और मीडिया में जिंदा रहने दीजिये। टीएमसी आपके दिलों में जिंदा रहेगी। आप मुझे आश्वस्त कीजिये, मैं आपका (अच्छा) भविष्य सुनिश्चित करूंगी।”
बनर्जी ने कहा, ”डकैतों ने अचानक बहुत पैसा जमा कर लिया है। अब वे भाजपा नामक वाशिंग मशीन के पास जा रहे हैं, जहां वे कालाधन डालकर सफेद धन निकाल सकें। वे केवल पैसे के लिये वहां जा रहे हैं और किसी वजह से नहीं। मैं उन्हें चुनाव लड़ने के लिये टिकट नहीं देने वाली थी। मैं उन लोगों को टिकट क्यों दूं, जिन्होंने खराब काम किया है। लोगों को खुशी होगी जब मैं उनकी बजाय नए लोगों को टिकट दूंगी।”

दागदार छवि वाले नेताओं को पार्टी में शामिल कर BJP को TMC की बी-टीम नहीं बनाना चाहते – विजयवर्गीय

Desk Team