नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान घायल होने के करीब पांच दिन बाद सोमवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व्हीलचेयर पर बैठकर पुरुलिया में रैली को संबोधित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी सरकार इतना काम नहीं कर सकी जितना हमारी सरकार ने किया । ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अक्षम हैं और देश को नहीं चला सकते।
उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव लड़ रहे भाजपा के कई सांसदों ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया है, अगर वे चुनाव जीतते हैं तो दंगा करवाएंगे और झूठ फैलाएंगे। इस रैली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भाजपा की ‘रथयात्रा’ का माखौल उड़ाया और कहा कि वह हमेशा से केवल भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन के रथ में सवार होने के बारे में जानती थीं।
ममता ने खुद के घायल होने का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे चोट लगी थी लेकिन सौभाग्य से मैं बच गई और मुझे इस चोट से बहार आना पड़ा। इसकी वजह यह है कि मेरे दर्द से ज्यादा दर्द राज्य के लोगों का है। मैं उन्हें अकेले छोड़ नहीं सकती। ममता बनर्जी ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस, तेल के दामों में इजाफा कर दिया गया है। इस तरह पीएम मोदी की उज्ज्वला योजना अंधेरा योजना में तब्दील हो गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से विपक्ष की आवाज को कुचलने का काम किया जा रहा है और उन्हें इसका पश्चिम बंगाल में जवाब मिलेगा।
नंदीग्राम में प्रचार के दौरान घायल होने के बाद अपनी पहली रैली में बनर्जी ने कहा कि जब तक उनके गले में आवाज है और उनका हृदय धड़कता है, तब तक वह संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने किसी का नाम लिये बगैर कहा, ‘‘ कुछ दिन इंतजार कीजिए, मेरे पैर सही हो जाएंगे। फिर मैं देखूंगी की कि आपके पांव बंगाल की जमीन पर ठीक से चलते हैं या नहीं।’’ पुरूलिया में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ बस साजिश।’’
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव जीतने के लिए कई नेताओं के साथ दिल्ली से आयी है। उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन मैं कहती हूं कि आपको बंगाल नहीं मिलेगा।’’ उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अपने 10 साल के शासन के दौरान ढेर सारे विकास कार्य एवं कल्याणकारी कार्य किये हैं। तृणमुल सुप्रीमो ने कहा, ‘‘ जितना काम हमारी सरकार ने किया है, दुनिया में कोई भी और सरकार उतना नहीं कर पायी है। उसके (भाजपा) प्रधानमंत्री देश को चला नहीं सकते, पूरी तरह अक्षम हैं।’’
बनर्जी हाईप्रोफाइल सीट नंदीग्राम से पर्चा भरने के बाद 10 मार्च को वहां प्रचार के दौरान एक घटना में चोटिल हो गयी थीं, उनके पैर, सिर एवं सीने में चोट लगी थी। तृणमूल ने इसे ‘उनकी जान लेने की भाजपा की साजिश’ करार दिया । हालांकि चुनाव आयोग ने इस बात से इनकार किया कि मुख्यमंत्री पर हमला हुआ। आयोग ने कहा कि सुरक्षा प्रभारी की चूक की वजह से बनर्जी घायल हुईं।


Download Android App
Download iOS App



