Manali Traffic Alert: उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी और लू ने लोगों को परेशान कर रखा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पहाड़ों की तरफ भाग रहे हैं। ऐसे में मनाली समेत हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। खूबसूरत पहाड़ों पर इन दिनों ‘महाजाम’ की स्थिति बनी हुई है। हालात ये हो गए हैं कि सड़कों पर घंटों तक गाड़ियां रेंगती हुई नजर आ रही है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल के साथ-साथ उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर भी ऐसी जाम की स्थिति देखने को मिल रही है।
Traffic in Manali: शहर की गर्मी से बचने के लिए पहाड़ों पर पहुंचे लोग
मनाली में पर्यटन सीजन चरम पर है। समर वेकेशन के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ घूमने जा रहे हैं। शहर की गर्मी से बचने के लिए पहाड़ों पर गए पर्यटकों की वजह से सड़कों पर जाम लग गया है। हजारों वाहनों के एक साथ पहुंचने पर शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
#WATCH | Manali, Himachal Pradesh: Traffic congestion and slow vehicular movement witnessed in Manali as people throng to hilly areas to get some respite from the scorching heat. (24.05) pic.twitter.com/pJJH6rVSSj
— ANI (@ANI) May 25, 2026
सुबह से ही चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मनाली शहर, अटल टनल मार्ग, माल रोड, वशिष्ठ, सोलंगनाला और पलचान क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ सालों से पर्यटन का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन सड़क और पार्किंग व्यवस्था उस अनुपात में विकसित नहीं हो पाई है। इसी वजह से भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।
Manali Traffic Jam: जाम की वजह से कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को दिक्कत
सबसे ज्यादा जाम की परेशानी मनाली से सोलंगनाला और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर देखने को मिली। पर्यटक वाहनों की लम्बी लाइनें पलचान से लेकर सोलंग तक लगी रही। कई वाहन घंटों तक सड़क किनारे जाम में फंसे रहे। इसकी वजह से स्थानीय टैक्सी ऑपरेटरों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा माल रोड और मनाली बस स्टैंड के आसपास भी ऐसी ही स्थिति रही। बाजारों में अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग की वजह से यातायात कई बार पूरी तरह से बाधित हो रहा है। पुलिस कर्मियों को ट्रैफिक कंट्रोल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।


Download Android App
Download iOS App




