मणिपुर चुनाव : JDU उम्मीदवार को अज्ञात लोगों ने मारी गोली, सुरक्षाबलों ने इंफाल में शुरू किया तलाशी अभियान

Summary :

मणिपुर में कल विधानसभा चुनाव होने वाले है इस बीच जनता दल (यूनाइटेड) के एक उम्मीदवार को शनिवार देर रात अज्ञात लोगों ने गोली मार दी।

देश के उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर में कल विधानसभा चुनाव होने वाले है इस बीच जनता दल (यूनाइटेड) के एक उम्मीदवार को शनिवार देर रात अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि अक्षेत्रीगांव विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे जद (यू) के उम्मीदवार वेंगबम रोजित सिंह को दो बाइक सवार बदमाशों ने उस समय गोली मार दी, जब वह अपनी पार्टी के लोगों के साथ चुनाव संबंधी गतिविधियों के बाद घर लौट रहे थे। 
चुराचांदपुर जिले में हुआ बम विस्फोट 
जदयू उम्मीदवार को गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा बलों ने अज्ञात अपराधियों को पकड़ने के लिए इंफाल पूर्वी जिले में तलाशी अभियान शुरू किया है। क्षेत्रीगांव विधानसभा सीट उन 38 निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल है, जहां दो चरण के मणिपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सोमवार को मतदान होना है। एक अन्य घटना में शनिवार की रात चुराचांदपुर जिले के गंगपीमुअल गांव में एक घर में हुए बम विस्फोट में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। दोनों घटनाएं पांच जिलों में मतदान के लिए 48 घंटे से भी कम समय में हुई हैं। 
पहले एक उम्मीदवार के पिता को भी मारी थी गोली 
चुनाव आयोग द्वारा आठ जनवरी को मणिपुर विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद से यह हिंसा की एक बड़ी घटना है। चुनावों से पहले, मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की अलग सहयोगी नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने पहले चुनाव आयोग (ईसी) से शिकायत की थी कि इसके उम्मीदवारों को कई उग्रवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा धमकाया जा रहा था। इससे पहले 19 फरवरी को एनपीपी के एंड्रो निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार एल. संजय सिंह के पिता एल. शामजई सिंह को अज्ञात बंदूकधारियों ने दाहिने कंधे में गोली मार दी थी, जब वह यारीपोक याम्बेम लीकाई में एक अभियान कार्यक्रम में थे।
दो चरणों में होंगे चुनाव 
राज्य में  विपक्षी कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दल अज्ञात बदमाशों या संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा हिंसा की धमकी को देखते हुए चुनाव आयोग से सुरक्षा कड़ी करने की बार-बार मांग कर रहे हैं। बता दें मणिपुर की 60 सीटों वाली विधानसभा के लिए दो चरणों में 28 फरवरी और पांच मार्च को मतदान होगा। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Desk Team