मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को हुआ कोरोना, खुद को घर में किया आइसोलेट

Summary :

पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कप्तान सचिन तेंदुलकर कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। तेंदुलकर ने शनिवार को ट्वीट किया, “मैं हल्के लक्षणों के बाद जांच में कोरोना पॉजिटिव निकला हूं। घर के अन्य सभी लोग जांच में कोरोना नेगेटिव पाए गए हैं।”

दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आये है और अपने घर में पृथकवास पर है। परिवार के एक करीबी सूत्र ने यह जानकारी दी। हाल के दिनों में कोविड-19 की चपेट में आने वाले तेंदुलकर सबसे बड़े नामों में से एक हैं।

तेंदुलकर ने शनिवार को ट्वीट किया, “मैं हल्के लक्षणों के बाद जांच में कोरोना पॉजिटिव निकला हूं। घर के अन्य सभी लोग जांच में कोरोना नेगेटिव पाए गए हैं।”

वहीं उनके परिवार के एक करीबी सूत्र ने शनिवार को बताया, ‘‘ सचिन ने खुद की जांच करवायी और रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। वह पृथकवास पर हैं और सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन कर रहे है।’’ उन्होंने हाल ही रायपुर में पूर्व क्रिकेटरों के ‘रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज चैलेंज’ टूर्नामेंट में भाग लिया था।
बता दें कि भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए और इसके साथ शनिवार को कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,19,08,910 हो गई। देश में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,52,647 हो गई है, जो कुल मामलों का 3.80 प्रतिशत है, जबकि मरीजों के ठीक होने की दर घटकर 94.85 प्रतिशत रह गई है।
देश में 24 घंटे की अवधि में 62,258 नए मामले सामने आए वहीं संक्रमण से 291 और मरीजों की मौत होने से देश में इस महामारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,61,240 हो गई। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 36 हजार से अधिक की रफ्तार से बढ़ने से इनकी संख्या बढ़कर 2,83,772 हो गयी है। राज्य में 17,019 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 23,00,036 पहुंच गयी है जबकि 112 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 53,907 हो गया है।

Desk Team