अनुशासनहीनता के कारण भाजपा से निष्कासित किये गये खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को आज उत्तराखंड विधानसभा में सत्ताधारी दल से अलग सीट आवंटित कर दी गयी । यहां राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन की कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने सदन में इसकी घोषणा की ।
अध्यक्ष ने बताया कि तीन दिसंबर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने एक पत्र में उन्हें चैंपियन को पार्टी से निष्कासित किये जाने की सूचना दी थी और इसी संदर्भ में आज संसदीय कार्य मंत्री मदन कौशिक ने भी उन्हें एक पत्र दिया। अग्रवाल ने कहा कि दोनों पत्रों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने चैंपियन के लिए सत्ताधारी भाजपा से अलग एक सीट आवंटित कर दी है और वह सदन में भाजपा के सदस्य नहीं हैं।
अखिलेश ने महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से इस दौर को बताया सबसे खराब और निंदनीय
अक्सर विवादों में घिरने वाले चैंपियन को अनुशासनहीनता के कारण इस वर्ष जुलाई में भाजपा ने पार्टी से छह साल के लिये निष्कासित कर दिया था। अपने समर्थकों के साथ शराब पीते और कई बंदूकों को हाथ में उठाये नृत्य करते विधायक चैंपियन का वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की थी।
इससे पहले, जून में भाजपा ने चैंपियन को तीन माह के लिये निलंबित कर दिया था और पार्टी संगठन की गतिविधियों में उनके शामिल होने पर रोक लगा दी थी। वर्ष 2016 में कांग्रेस की हरीश रावत सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले नौ विधायकों में चैंपियन भी शामिल थे। बाद में उन्होंने अन्य कांग्रेसी विधायकों की तरह भाजपा का दामन थाम लिया था।


Download Android App
Download iOS App



