देहरादून : उत्तराखंड के लिये भाजपा के चुनाव प्रभारी थावरचंद गहलोत ने बुधवार को कहा कि राज्य में 11 अप्रैल को होने वाले आम चुनावों में प्रत्याशियों का चयन उनके जीतने की संभावना के आधार पर किया जायेगा। प्रदेश भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख गहलोत ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज्य की पांचों लोकसभा सीटों के लिये प्रत्याशियों के नामों की घोषणा 18 मार्च तक हो जायेगी।
थावरचंद गहलोत ने कहा, ‘‘16-18 मार्च के बीच पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें उन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर दिये जायेंगे जहां पहले चरण में मतदान होना है।’’ उन्होंने कहा कि 18 मार्च तक प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जायेगी । उत्तराखंड की सभी पांचों लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होना है जिसके लिये 18 मार्च को अधिसूचना जारी होगी और उसी के साथ नामांकन पत्रों के भरने की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी।
देश भर में माहौल भाजपा के पक्ष में होने का दावा करते हुए थावरचंद गहलोत ने कहा कि चुनावों के बाद पार्टी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा केंद्र की सत्ता में लौटेगी। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने जनता से किये वायदों को पूरा किया है और गरीबों पर प्रधानमंत्री का लगातार फोकस रहा है जो उनके द्वारा शुरू की गयी जनधन, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से प्रदर्शित होती है।


Download Android App
Download iOS App



