कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भोपाल में आठ फरवरी को आयोजित किसान रैली के हफ्ते भर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 और 16 फरवरी को मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में दो जन सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश भाजपा इकाई मोदी के इस दो दिवसीय दौरे को अप्रैल-मई में प्रस्तावित लोकसभा चुनावों का शंखनाद बता रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने रविवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री 15 फरवरी को होशंगाबाद और 16 फरवरी को धार में जन समुदाय को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मोदी की इन रैलियों के जरिये भाजपा की ओर से प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनावों का शंखनाद होगा।’ सूबे में गत नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों के कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में भाजपा की 15 साल पुरानी सत्ता चली गयी थी और विजयी कांग्रेस इतने ही बरस बाद सत्ता में लौटी थी।
भाजपा की चुनावी हार के बाद सूबे में मोदी की आगामी रैलियों को सियासी लिहाज से बेहद अहम आंका जा रहा है। भाजपा संगठन के सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की रैलियों के जरिये पार्टी सूबे में अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें लोकसभा चुनावों की आगामी जंग के लिये तैयार करना चाहती है. प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। वर्ष 2014 के पिछले चुनावों में भाजपा ने इनमें से 26 सीटें जीती थीं, जबकि शेष तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गयी थीं।


Download Android App
Download iOS App



