देहरादून : प्रदेश के शिक्षामित्रों, औपबंधिक व तदर्थ शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। दरअसल, 31 मार्च के बाद 500 से अधिक शिक्षामित्रों, औपबंधिक व तदर्थ शिक्षकों की नौकरी कभी भी जा सकती है। दरअसल, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने 31 मार्च 2019 तक ब्रिज और टीईटी कोर्स पास नहीं करने वाले अप्रशिक्षित शिक्षामित्रों को अतिरिक्त समय देने से इंकार कर दिया है।
इससे पूरे देश में हजारों शिक्षकों की नौकरी पर तलवार लटक गई है। चार साल का समय दिए जाने के बावजूद तमाम ने अर्हता पूरी नहीं की। राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि अतिरिक्त समय देने की मांग की गई थी, लेकिन मंत्रालय ने इससे इंकार कर दिया है।
मंत्रालय ने कहा कि हमें शिक्षकों की नौकरी की चिंता है, लेकिन इससे ज्यादा चिंता उन बच्चों की है जिन्हें अप्रशिक्षित शिक्षक पढ़ा रहे हैं। हालांकि, राज्य के 16,608 विशिष्ट बीटीसी की नौकरी पर आंच नहीं आएगी। केंद्र सरकार ने इन शिक्षकों को भी 31 मार्च 2019 तक ब्रिज कोर्स उत्तीर्ण करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, संसद में पास हुए बिल से इन शिक्षकों को इस बाध्यता से राहत मिल गई थी।


Download Android App
Download iOS App



