मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि गुरुवार सुबह उज्जैन में पुलिस की अभिरक्षा में आए विकास दुबे को देर शाम पुलिस ने उत्तरप्रदेश पुलिस को सौंपने के बाद पूरे काफिले को सुरक्षित मध्यप्रदेश से उत्तरप्रदेश की सीमा तक पहुंचाया था।
गृह मंत्री ने विकास दुबे के मुठभेड़ में मारे जाने पर कांग्रेस नेताओं के सवाल उठाने के संबंध में मिश्रा ने कहा कि यही लोग कल उसके जिंदा पकड़े जाने पर सवाल उठा रहे थे और अब आज उसके मरने पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दरअसल संपूर्ण मामले में मध्यप्रदेश पुलिस ने अपना कार्य बेहतर ढंग से किया।
उन्होंने इस बात से भी इंकार किया कि वो दो दिन से उज्जैन में था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का कार्य सिर्फ ट्वीट करना बचा हुआ है। उन्हें अब कोई जनसभा में बुलाता नहीं है। तो वे ट्वीट करके ही अपना कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़ा हुआ था और इस संबंध में उनके पास पोस्टर भी हैं। उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस को अपनी मानसिकता ठीक करना चाहिए। हर चीज पर मातम मनाना ठीक नहीं है।
विकास दुबे कल सुबह उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर में सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा नाटकीय अंदाज में पहचाना गया और बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गयी और पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर उत्तरप्रदेश पुलिस को सूचित कर दिया था। देर शाम उत्तरप्रदेश पुलिस का दल उज्जैन पहुंचा और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद विकास को उत्तरप्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस दल शाम को विकास को लेकर उत्तरप्रदेश रवाना हो गया था और आज सुबह कानपुर क्षेत्र में उसके मुठभेड़ में मारे जाने की खबर आ गयी।


Download Android App
Download iOS App



