मध्य प्रदेश विधानसभा का 20 जुलाई से शुरू होने वाला पांच दिवसीय सत्र प्रदेश में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण के कारण स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा की अध्यक्ष्ता में शुक्रवार को यहां सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन पी प्रजापति, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा आदि उपस्थित थे। सूत्रों के अनुसार अब इस निर्णय को राज्यपाल के पास भेजा जाएगा और उनके अनुमोदन के बाद अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
यह सत्र 20 जुलाई से 24 जुलाई तक होना था, जिसमें बजट पास करने के साथ-साथ महत्वपूर्ण शासकीय विधि विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किये जाने थे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना को लेकर मौजूदा परिस्थितियों में सत्र चलाना उपयुक्त नहीं होगा। इसलिए अध्यक्ष से चर्चा के बाद सत्र स्थगित करने का फैसला किया गया है। संवैधानिक कार्यों को पूर्ण करने के लिए हम लोग चर्चा करेंगे।
सत्र 20 जुलाई से प्रारंभ होकर पांच दिन तक चलना था। इस दौरान वित्त वर्ष 2020-21 के लिए बजट भी पारित कराना था। माना जा रहा है कि अब बजट पारित करने के लिए अन्य संवैधानिक विकल्पों जैसे अध्यादेश के उपयोग पर भी विचार किया जाएगा। मौजूदा कोरोना काल के दौरान लगभग आधा दर्जन विधायक भी कोरोना संक्रमण के शिकार हो चुके हैं। विधानसभा के कुछ कर्मचारी, राज्य सरकार के अधिकारी कर्मचारी और मीडिया से जुड़े लोग भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



