Nashik Ashok Kharat Case Update: महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार देर रात उनके खिलाफ दो नए केस दर्ज किए गए। इनमें एक मामला एक महिला के साथ यौन शोषण से जुड़ा है, जबकि दूसरा केस एक व्यक्ति से ठगी करने का है। पुलिस के अनुसार, अब तक उनके खिलाफ कुल 10 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें 8 यौन शोषण और 2 आर्थिक धोखाधड़ी के हैं।
जानकारी के मुताबिक, नेवासा के रहने वाले व्यापारी राजेंद्र भागवत ने शिकायत की है कि अशोक खरात ने उनके व्यवसाय को बढ़ाने का झांसा देकर अलग-अलग अंगूठियां लाखों रुपये में बेचीं। आरोपी ने दावा किया था कि इन अंगूठियों से व्यापार में तरक्की होगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Nashik Ashok Kharat Case Update: महिला के साथ यौन उत्पीड़न का मामला
एक विवाहित महिला ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह अपने वैवाहिक विवाद के समाधान के लिए खरात के पास गई थी। इस दौरान आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ गलत व्यवहार किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी खुद को भगवान महादेव का अवतार बताता था और डराता था कि उसकी बात नहीं मानने पर परिवार पर संकट आ सकता है।
एक ही तरीका अपनाने के आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं को डर और अंधविश्वास में फंसाकर उनका शोषण करता था। वह दावा करता था कि उसके साथ संबंध बनाने से जीवन की समस्याएं खत्म हो जाएंगी। इसी तरीके से कई महिलाओं को उसने अपने जाल में फंसाया।
हवाला रैकेट से जुड़ने की आशंका

इस मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, अशोक खरात पर हवाला कारोबार चलाने का भी शक है। बताया जा रहा है कि विदेशों, खासकर दुबई तक पैसों का लेन-देन किया जाता था। जांच एजेंसियों को कुछ अहम सबूत मिले हैं, जिससे मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है। कुछ प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।
SIT को मिल रहीं बड़ी संख्या में शिकायतें
इस पूरे मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। SIT द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर अब तक 100 से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं, जिनमें करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। हालांकि, कई पीड़ित अब भी लिखित शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रहे हैं। पुलिस और SIT लगातार लोगों को आगे आकर शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और सुरक्षा का भरोसा दे रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की है। अब तक 74 से ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं। केवल नासिक शहर में ही फेसबुक और इंस्टाग्राम के 65 यूजर्स पर केस दर्ज हुआ है। इसके अलावा अन्य शहरों में भी कार्रवाई जारी है।
पुलिस की अपील
नासिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले से जुड़े किसी भी आपत्तिजनक वीडियो या सामग्री को सोशल मीडिया पर शेयर न करें। ऐसा करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इससे पीड़ितों की निजता और सम्मान को ठेस पहुंचती है।


Download Android App
Download iOS App




