देहरादून : बीजेपी ने अपने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संकल्प पत्र में कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र एक सशक्त भारत और सुखी भारत का संकल्प पत्र है। राष्ट्रवाद हमारी आत्मा है । ग्रामीण भारत की दशा बदलने, किसानों की स्थिति सुधारने, गरीबों के हितों का ख्याल, शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्रों में प्रगति व देश की सुरक्षा से कोई समझौता न करने के संकल्प इसमें हैं।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने राष्ट्र की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया। बीजेपी मेनिफेस्टो में इस बात का संकल्प है देश विरोधी ताकतों से सख्ती से निपटेंगे और सेना को सशक्त बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे। रावत ने कहा कि किसानों का कल्याण सदैव मोदी सरकार की प्राथमिकता रही। आगे भी किसानों के कल्याण के लिए इस तरह के सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए बिना ब्याज के ऋण देना एक नवीन व मजबूत कदम है।
उधर, इस संकल्प पत्र पर बीजेपी के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि राष्ट्रवाद हमारी आत्मा, अंत्योदय हमारा दर्शन और सुशासन हमारा मन्त्र है और इसी के आधार पर बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र देश के सामने रखा है। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बीजेपी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी किया।
बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र को संकल्पित भारत, सशक्त भारत का टाइटल दिया है। ये संकल्प पत्र 48 पन्नों का है. इस पर श्याम जाजू ने कहा कि बीजेपी ने समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर यह संकल्प पत्र तैयार किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कृषि और चिकित्सा से जुड़े तमाम क्षेत्रों में काम किया है, जिसको देखते हुए पार्टी ने आगामी 5 वर्षों का विजन देश के सामने रखा है।


Download Android App
Download iOS App



