देश में कोरोनावायरस की दूसरी लहर लोगों के लिए आफत बनती जा रही है, ऐसे में देश की कई राज्य सरकारें नाइट कर्फ्यू का सहारा ले रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र के पुणे में नाइट कर्फ्यू की घोषणा कर दी गई है, जो शनिवार, 3 अप्रैल से यह फैसला लागू होगा।
वहीं, साथ ही शुक्रवार को इसकी समीक्षा की जाएगी, कि आगे की स्थिति में क्या कदम उठाए जा सकते है। बता दें कि पुणे में शाम को 6 बजे से सुबह 6 बजे तक के लिए यह नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। देश के कई शहरों में लगे नाइट कर्फ्यू के मुकाबले यह सबसे लंबा कर्फ्यू होगा। पुणे के डिविजनल कमिशनर सौरभ राव ने इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि अगले 7 दिनों तक बार, होटल, रेस्तरा भी बंद रहेंगे। इसके अलावा शादी एवं अंतिम संस्कार के अलावा किसी भी तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर भी रोक रहेगी। शादियों में 50 से ज्यादा और अंतिम संस्कार में 20 से ज्यादा लोगों को जुटने की अनुमति नहीं होगी।
इस बीच सीएम उद्धव ठाकरे आज रात 8:30 बजे जनता को संबोधित करने वाले हैं। इससे पहले शुक्रवार को सीएम उद्धव ठाकरे ने कोरोना की स्थिति की समीक्षा के लिए हाई लेवल मीटिंग की और स्थिति का जायजा लिया। माना जा रहा है कि उद्धव ठाकरे जनता को संबोधित करते हुए कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं या फिर जनता को सतर्क रहने की हिदायत दे सकते हैं। इससे पहले कई बार सीएम ठाकरे लोगों से अपील कर चुके हैं कि यदि कोरोना प्रोटोकॉल का लोगों ने पालन नहीं किया तो पूरे राज्य में लॉकडाउन का ऐलान किया जा सकता है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी प्रशासन ने 6 से 14 अप्रैल तक कंप्लीट लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। यहां 6 अप्रैल से लेकर 14 अप्रैल तक पाबंदियां रहेंगे। दुर्ग के जिलाधिकारी सर्वेश्वर भुरे ने इसकी जानकारी दी है। पुणे में फिलहाल 61,740 कोरोना के एक्टिव केस हैं, जो देश के किसी भी अन्य शहर के मुकाबले ज्यादा है।
महाराष्ट्र में पुणे, नागपुर और मुंबई जैसे बड़े शहर लगातार चिंता की वजह बने हुए हैं। गुरुवार को एक बार फिर से महाराष्ट्र में 48,000 से ज्यादा केस सामने आए हैं, जबकि देश भर में यह आंकड़ा 81,000 के पार पहुंच गया है।


Download Android App
Download iOS App



