कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के एक गांव में नौ वर्षीय एक लड़की के साथ कथित रूप से बलात्कार किया गया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या पर देशभर में आक्रोश फैला हुआ है।
चिचोली तालुक के सुलेपेट की रहने वाली लड़की सोमवार शाम को अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए बाहर गई थी। पुलिस ने बताया कि उसका खून से सना हुआ निर्वस्त्र शव सोमवार रात गांव के बाहरी इलाके में एक तालाब के पास खेत में मिला।
पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में 34 वर्षीय एक दर्जी यल्लप्पा महादेवप्पा सेदम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके साथ लड़की को अंतिम बार देखा गया था। सुलेपेट पुलिस स्टेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘उस व्यक्ति ने लड़की को स्नैक खाने का लालच दिया और फिर उसे खेत में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर अपराध को अंजाम दिया।’’ इस घटना के बाद, मंगलवार को सुलेपेट में विरोध प्रदर्शन हुआ, जहां सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे।
प्रदर्शनकारी तख्ती पकड़े और नारे लगाते हुए बलात्कारी को मृत्युदंड देने की मांग की। बड़ी संख्या में स्कूली लड़कियों ने भी सड़क पर धरना देकर प्रदर्शन किया, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर गांव में स्कूल बंद रहे, जबकि पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक इआडा मार्टिन मारबानियांग गांव में डेरा डाले हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



