ऑनलाइन कंपनी जोमैटो द्वारा 10 मिनट में खाने की डिलिवरी की घोषणा के बाद मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने हिदायत दी है कि कंपनी इस तरह की सर्विस न करे और किसी भी तरह के हादसे की जिम्मेदारी कंपनी की ही होगी।
डॉ मिश्रा ने आज संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि किसी को भी यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि शहर के अंदर कोई भी चार किलोमीटर की दूरी 10 मिनट में कैसे तय कर पाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये सबकी जान के साथ खिलवाड़ करना है।
गृह मंत्री ने कंपनी वालों को हिदायत दी कि वे इस प्रकार की सर्विस न करें। सफर सुरक्षित बने रहने दें। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई भी हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कंपनी की ही होगी। जोमैटो कंपनी ने बहुत जल्द अपनी नई सेवा‘जोमैटो इंस्टैंट’शुरु करने की घोषणा की है। कंपनी का दावा है कि इस सेवा के तहत 10 मिनट में खाने की डिलिवरी दे दी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



