भुवनेश्वर : ओडिशा सरकार ने फेतई तूफान के चलते, तैयार फसलों एवं धान को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए बुधवार को तैयारी शुरू कर दी। तूफान के चलते राज्य के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के बाद स्थिति में सुधार होते हुए देख सरकार नुकसान का पता लगाने में जुट गई है।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से होते हुए ओडिशा पहुंचने वाले फेतई तूफान के असर के चलते दक्षिणी एवं पश्चिमी ओडिशा के कई हिस्सों में दो दिन तक तेज हवाएं चलने के साथ ही भारी बारिश हुई। उन्होंने बताया कि ओडिशा में तूफान के चलते कोई बड़ी बर्बादी नहीं हुई लेकिन इसके चलते राज्य के दक्षिणी एवं पश्चिमी क्षेत्रों में तैयार फसलों एवं खेत में काट कर रखे गए धान को गहरा नुकसान पहुंचा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एच आर विश्वास ने बताया कि मौसम धीरे-धीरे शुष्क हो रहा है और बृहस्पतिवार से राज्य में तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के चलते दक्षिणी एवं पश्चिमी ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हो गया था लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि कुछ इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित है।
विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) विष्णुपाड़ा सेठी ने कहा कि बेमौसम बरसात के कारण राज्य के दक्षिणी एवं पश्चिमी क्षेत्र के कुछ जिलों से धान की फसल बर्बाद होने की खबरें हैं। हालांकि उन इलाकों में फसल को बड़ा नुकसान नहीं हुआ जहां से खरीद होती है क्योंकि वहां धान को ढंकने के लिए एहतियाती कदम उठा लिए गए थे। सेठी ने कहा कि प्रभावित इलाकों का गहन आकलन करने और व्यापक रिपोर्टें मिलने के बाद किसानों को वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



