मुंबई के रिलायंस हॉस्पिटल में फोन कर उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 56-वर्षीय एक जौहरी को सोमवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे फोन करने के लगभग तीन घंटे बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे बजे उपनगरीय दहीसर से आरोपी बिष्णु विदु भौमिक को गिरफ्तार किया गया। वह दक्षिण मुंबई में एक आभूषण की दुकान चलाता है।
अधिकारी ने बताया कि भौमिक ने सुबह करीब साढ़े दस बजे गिरगांव स्थित रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के लैंडलाइन नंबर पर नौ बार फोन किया और अंबानी एवं उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने अपशब्द भी कहे।
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, भौमिक पर इससे पहले भी इसी तरह के फोन करने के आरोप लगे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस फोन करने के पीछे के मकसद को जानने के लिए भौमिक से पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस को अभी यह पता नहीं चल पाया है कि भौमिक मानसिक रूप से अस्थिर है या नहीं।
डी बी मार्ग पुलिस थाने में आपराधिक धमकी के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में मुंबई में अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के समीप एक एसयूवी कार बरामद की गयी थी, जिसमें विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी । बाद में इस मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाजे समेत कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



