कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के सुधाकर ने रविवार को कहा कि बेंगलुरु में 18-44 वर्ष आयु समूह के लोगों के लिए टीकाकरण अभियान 10 मई से शुरू हो जाएगा और वे सभी प्रमुख अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में टीका लगवा सकते हैं। कर्नाटक में कोरोना वायरस के जितने मामले और मौतें सामने आ रही हैं, उनमें से करीब आधी बेंगलुरु की हैं।
मंत्री ने एक बयान में कहा, “ सोमवार से कोविड-19 टीकाकरण 18-44 वर्ष के उम्र के लोगों के लिए बेंगलुरु के केसी जनरल अस्पताल, जयनगर जनरल अस्पताल, सर सीवी रमण जनरल अस्पताल, सरकारी मेडिकल कॉलेजों, ईएसआई अस्पतालों और एनआईएमएचएएनएस में शुरू होगा।” अन्य जिलों में टीके की खुराकों को शुरुआती तौर पर जिला अस्पतालों, सरकारी मेडिकल कॉलेजों और सभी तालुक अस्पतालों को उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि जब और टीके उपलब्ध होंगे तो टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। गौरतलब है कि कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को 482 लोगों की मौत के बाद महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या 18,286 हो गई। इसके अलावा संक्रमण के 47,563 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 18,86,448 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। इसने कहा कि 34,881 लोगों को छुट्टी मिलने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 13,19,301 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



