PM मोदी ने उत्तराखंड में 35 PSA ऑक्सीजन प्लांट का किया उद्घाटन, संबोधन में की ये अहम बातें

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने एम्स ऋषिकेश से 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पीएम केयर्स के तहत स्थापित 35 प्रेशर स्विंग ऐड्सॉर्प्शन (पीएसए) ऑक्सीजन प्लांट राष्ट्र को समर्पित किए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने एम्स ऋषिकेश से 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पीएम केयर्स के तहत स्थापित 35 प्रेशर स्विंग ऐड्सॉर्प्शन (पीएसए) ऑक्सीजन प्लांट राष्ट्र को समर्पित किए। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। 
इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण का सपना अटल जी ने पूरा किया था। अटल जी मानते थे कनेक्टिविटी का सीधा कनेक्शन विकास से है। उन्हीं की प्रेरणा से आज देश में कनेक्टिविटी के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अभूतपूर्व स्पीड और स्केल पर काम हो रहा है। 6-7 साल पहले तक सिर्फ कुछ राज्यों तक ही एम्स की सुविधा थी, आज हर राज्य तक एम्स पहुंचाने के लिए काम हो रहा है। 6 एम्स से आगे बढ़कर 22 एम्स का सशक्त नेटवर्क बनाने की तरफ हम तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का ये भी लक्ष्य है कि देश के हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज जरूर हो। 
उन्होंने कहा कि आज से नवरात्र का पावन पर्व भी शुरु हो रहा है। आज प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा होती है। मां शैलपुत्री, हिमालय पुत्री हैं और आज के दिन मेरा यहां होना, यहां आकर इस मिट्टी को प्रणाम करना, हिमालय की इस धरती को प्रणाम करना, इससे बड़ा जीवन में कौन सा धन्य भाव हो सकता है। 


प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार टोक्यो ऑलंपिक में देवभूमि ने अपना झंडा गाड़ दिया है। इसके लिए आप सभी अभिनंदन के अधिकारी है। उत्तराखंड की दिव्य धरा ने मुझ जैसे अनेक लोगों की जीवन धारा को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस भूमि से मेरा नाता मर्म का भी है, कर्म का भी है. सत्व का भी है, तत्व का भी है। आज के ही दिन 20 साल पहले मुझे जनता की सेवा का एक नया दायित्व मिला था। लोगों के बीच रहकर, लोगों की सेवा करने की मेरी यात्रा तो कई दशक पहले से चल रही थी, लेकिन आज से 20 वर्ष पूर्व, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मुझे नई जिम्मेदारी मिली थी। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के मुखिया के तौर पर पहले मुख्यमंत्री और फिर देश के लोगों के आशीर्वाद से देश के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचा, इसकी कल्पना मैंने कभी नहीं की थी। 20 वर्ष की ये अखंड यात्रा आज अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर ऐसी धरती पर आना, जिस धरती ने मुझे निरंतर अपना स्नेह, अपनत्व दिया है वहां आना, बहुत बड़ा शौभाग्य समझता हूं। 100 साल के इस सबसे बड़े संकट का मुकाबला हम जितनी बहादुरी से कर रहे हैं, उसे दुनिया देख रही है। 


कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना से लड़ाई के लिए इतने कम समय में भारत ने जो सुविधाएं तैयार कीं, वो हमारे देश के सामर्थ्य को दिखाता है।  ये हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है कि कोरोना वैक्सीन की 93 करोड़ डोज़ लगाई जा चुकी है। बहुत जल्द हम 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएंगे। भारत ने Cowin प्लेटफॉर्म का निर्माण करके पूरी दुनिया को राह दिखाई है कि इतने बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन किया कैसे जाता है। 

उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों में भारत में एक दिन में 900 मीट्रिक टन, लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन का प्रॉडक्शन होता था। डिमांड बढ़ते ही भारत ने मेडिकल ऑक्सीजन का प्रॉडक्शन 10 गुना से भी ज्यादा बढ़ाया। ये दुनिया के किसी भी देश के लिए अकल्पनीय लक्ष्य था, लेकिन भारत ने इसे हासिल करके दिखाया।
पीएम मोदी ने कहा चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर तेज़ी से काम चल रहा है। चारधाम परियोजना देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत बड़ी सुविधा तो बना ही रही है। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ रही है।

Desk Team