चेन्नई दौरे पर PM , करुणानिधि से करेंगे मुलाकात

Summary :

NULL

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चेन्नई के आज संक्षिप्त दौरे के दौरान द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम करुणानिधि से मुलाकात करेंगें।भारतीय जनता पार्टी के तमिलनाडु प्रभारी पी मुरलीधर राव ने ट्वीट किया, ‘आज तमिलनाडु दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के वरिष्ठतम नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि से मुलाकात करेंगें।’

भाजपा नेता ने इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि मोदी बैठक के लिए करुणानिधि के गोपालपुरम स्थित निवास पर जायेंगें। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग प्रकार की अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि भाजपा की ओर से कहा जा रहा है कि राज्य के वरिष्ठतम नेता के लगातार बीमार रहने के कारण मोदी उनसे मुलाकात के दौरान उनका कुशल क्षेम पूछेंगें।

जैसा कि भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष थमीझिसाई सुन्दरराजन ने कहा, ‘यह एक शिष्टाचार भेंट होगी जिसमें मोदी करुणानिधि के स्वास्थ्य के बारे में बात करेंगें। गत वर्ष दिसंबर में ट्रेकियोस्टोमी प्रक्रिया से गुजरने के बाद करुणानिधि अब ठीक हो रहे हैं और संक्रमण से बचने के लिए उनके निवास पर ही उनका इलाज चल रहा था।’

उन्होंने कहा,’वरिष्ठ नेता होने के नाते हम उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।’ द्रमुक प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद टी के एस इलानगोवन ने भी इस मुलाकात को एक शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि मोदी करुणानिधि का कुशल क्षेम पूछने के लिए दोपहर बाद साढ़ 12 बजे उनके निवास पर मुलाकात करेंगें। उन्होंने स्प्ष्ट किया कि दोनों नेताओं की इस बैठक में उन्हें कोई राजनीति नहीं मालूम होती।

उन्होंने कहा कि करुणानिधि के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ है। दूसरी ओर राजनीतिक पंडित इस मुलाकात के बाद राज्य में नये राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना व्यक्त करने लगे हैं। उनके मुताबिक मोदी और करुणानिधि के बीच तमिलनाडु में भाजपा तथा द्रमुक के बीच नया गठबंधन बनाने की बात हो सकती है। करुणानिधि के साथ होने वाली बैठक में मोदी का साथ देने वाले भाजपा नेताओं में सुश्री सुंदरराजन और केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन शामिल रहेंगें।

Desk Team