पुरी में लगातार दूसरी बार बिना श्रद्धालुओं की उपस्थिति के भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकालने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने रविवार रात आठ बजे से दो दिन के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया। पवित्र रथों को सोमवार अपराह्न तीन बजे रवाना किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
प्रशासन ने श्री जगन्नाथ मंदिर से श्री गुंडिचा मंदिर के बीच तीन किलोमीटर लंबे ग्रांड रोड पर प्रतिबंध लागू किया है जहां चिकित्सा आपातकाल के अलावा अन्य सभी गतिविधियों पर रोक रहेगी।
कोविड महामारी के वर्तमान हालात के मद्देनजर इस वार्षिक धार्मिक आयोजन के सहज संचालन के लिए कम से कम 65 दस्तों की तैनाती की गई है। प्रत्येक दस्ते में 30 जवान शामिल हैं।
पुरी के जिलाधिकारी समर्थ वर्मा ने कहा कि लोगों से अपील की गई है कि वे कर्फ्यू की अवधि के दौरान रविवार आठ बजे से मंगलवार रात आठ बजे तक घरों से नहीं निकलें और ग्रांड रोड पर भीड़ एकत्र नहीं करें।
उन्होंने कहा कि लोग अपने टीवी पर इस उत्सव का आनंद ले सकते हैं और सरकार ने इस बाबत प्रबंध किए हैं। TOP News


Download Android App
Download iOS App



