कोरोना वायरस ने धीरे-धीरे पूरे देश को अपने चपेट में ले लिया है। तमिलनाडु के साथ लगते पुचुचेरी में भी कोरोना से बिगड़ते हालात चिंता का कारण बने हुए हैं। ऐसे में पुडुचेरी की उप राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शनिवार को लोगों से स्व अनुशासित रहने और कोविड-19 के सुरक्षा नियमों का अनुपालन करने की अपील की ताकि केंद्र शासित प्रदेश में पूर्ण लॉकडाउन की जरूरत महसूस नहीं की जाए।
एक सरकारी कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उप राज्यपाल ने कहा,‘‘पुडुचेरी में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की मौजूदा पृष्ठभूमि में लॉकडाउन लागू किया जा सकता है। यह एक मिनट का काम है, लेकिन हमें पूर्ण लॉकडाउन के असर पर भी गौर करना होगा खासतौर पर गरीबों के जीविकोपार्जन पर पड़ने वाले असर पर।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ पूर्ण लॉकडाउन लगाने से पहले सभी पहुलओं पर विचार करने की जरूरत है।’’ सौंदरराजन ने लोगों का आह्वान किया कि वे सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें और खासतौर पर मास्क पहनने के नियम को नजरअंदाज नहीं करें। उन्होंने कहा कि जब वह कार से शहर में जा रही थीं तब देखा युवा मास्क के इस्तेमाल को लेकर पूरी तरह से लापरवाह हैं।
पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में 10 मई से दो हफ्ते का लॉकडाउन लगाने के राज्य सरकार के फैसले की ओर ध्यान आकर्षित कराने पर उप राज्यपाल ने कहा, ‘‘ हम तुरंत किसी राज्य द्वारा उठाए कदम का अनुकरण नहीं कर सकते। हमें स्थानीय परिस्थितियों पर भी गौर करना होगा और कदम उठाने होंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



