महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने इस सप्ताह की शुरुआत में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब यह अटकलें लग रही हैं कि ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए विपक्ष के गठबंधन का हिस्सा हो सकती है।
राकांपा के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सोमवार शाम को यहां पवार के आवास पर हुई बैठक करीब 45 मिनट तक चली। मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने वाले विपक्ष के महागठबंधन के सदस्यों ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा-शिवसेना के खिलाफ संयुक्त मोर्चा खोलने की येाजनाओं पर चर्चा की। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
बहरहाल, विपक्षी नेताओं ने कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) को साथ लेने के मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। मनसे ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों के लिए उम्मीदवार खड़े नहीं किए लेकिन ठाकरे ने भाजपा के खिलाफ आक्रामक प्रचार किया। उन्होंने कई रैलियां कीं, जिनमें भारी भीड़ जुटी।


Download Android App
Download iOS App



