रमेश चेन्नीथला बोले- सीएए और NPR को गुपचुप तरीके से लागू करने की कोशिश कर रहे हैं विजयन

Summary :

विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने कहा कि विजयन सार्वजनिक तौर पर सीएए का विरोध कर रहे हैं लेकिन वह और उनकी सरकार विवादित कानून को लागू करने की ओर कदम बढ़ा रही है।

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ केरल की वाम सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट का रुख करने के कुछ दिनों बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन दक्षिणी राज्य में गुपचुप तरीके से इस विवादित कानून को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। 
विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने संवाददाताओं से कहा कि विजयन सार्वजनिक तौर पर सीएए का विरोध कर रहे हैं लेकिन वह और उनकी सरकार विवादित कानून को लागू करने की ओर कदम बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री को सीएए के नाम पर राजनीतिक बढ़त हासिल करने की अपनी कोशिशें बंद करनी चाहिए। लोगों को धोखा देने के बजाय उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि राज्य में यह कानून लागू नहीं किया जाए।”
चेन्नीथला ने आरोप लगाया कि सभी जनसभाओं में आरएसएस और केंद्र की जोरदार ढंग से आलोचना करने वाले विजयन सीएए के मुख्य हिस्से एनपीआर के संबंध में प्रक्रियाओं को रोकने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि माकपा के नेतृत्व वाली सरकार राज्यभर में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों पर फर्जी मामले दर्ज कर रही है। 

Desk Team