राशनकार्ड धारकों को कम कीमत पर मिलेगी दाल

Summary :

राशनकार्ड धारकों को अब बाजार दर से कम दर पर दाल मिलेगी। मुख्यमंत्री दाल पोषित योजना में प्रत्येक राशनकार्ड धारक को दो किलो दाल प्रति माह कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएगी।

देहरादून : प्रदेश के 23 लाख 32 हजार राशनकार्ड धारकों को अब बाजार दर से कम दर पर दाल मिलेगी। मुख्यमंत्री दाल पोषित योजना में प्रत्येक राशनकार्ड धारक को दो किलो दाल प्रति माह कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएगी। गुरुवार को सीएम आवास स्थित जनता दर्शन हाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने चयनित लाभार्थियों को दाल के  पैकेट वितरित कर योजना का शुभारम्भ किया। 
भारत सरकार से उपलब्धता के आधार पर दाल उपलब्घ कराई जाएगी। इस माह चने  की दाल 44 रुपये प्रति किलो दी जा रही है। बाजार में इसकी कीमत 65 से 70 रुपये प्रति किलो है। अगले महिनों में दाल की कीमत कम-ज्यादा भी हो सकती  है। परंतु मार्केट रेट से हमेशा कम ही रहेगी। इस दौरान सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक गणेश जोशी, खजानदास, विनोद चमोली, सचिव सुशील कुमार भी उपस्थित थे। 
योजना का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीबों  के हित में अनेक योजनाएं चला रही है। लोगों को जागरूक होने की जरूरत है, जहां भी लगे कुछ गलत हो रहा है, तुरंत सरकार को बताएं। मुख्यमंत्री हेल्प लाईन नम्बर 1905 पर भी बता सकते है। तत्काल एक्शन लिया जाएगा।

Desk Team