शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि महाराष्ट्र में विद्रोही खेमे से जिस तरह की आलोचनात्मक टिप्पणियां आ रही हैं, वे पार्टी नेतृत्व और उनके परिवार के खिलाफ उनकी नफरत और ईर्ष्या को उजागर करती हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा, ‘गद्दार’ चले गए हैं और जिन्हें लगता है कि शिवसेना अध्यक्ष एवं उनके पिता उद्धव ठाकरे एक अच्छे इंसान हैं, वे अब भी पार्टी के साथ हैं।
शिवसेना विधायकों और अन्य नेताओं की ओर से उद्धव ठाकरे के खिलाफ लगाए गए आरोपों का कारण पूछने पर पूर्व मंत्री ने कहा, “ इस विद्रोह ने हमारे प्रति उनकी घृणा, ईर्ष्या और क्रोध को बेनकाब कर दिया है। ऐसे में सच्चाई सामने आ रही है। इसका मतलब यह भी है कि वे सभी (विद्रोही) तब झूठ बोलते थे जब वे ठाकरे परिवार के प्रति सम्मान का दावा करते थे।”
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद के निचले सदन में राहुल शेवाले को शिवसेना नेता के रूप में मान्यता दे दी है। इसी बीच आदित्य ठाकरे ने बागी गुट पर यह हमला किया है।


Download Android App
Download iOS App



