केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर पांच जनवरी को हुए हमले के सिलसिले में सोमवार को शाहजहां शेख के तीन कथित सहयोगियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एजेंसी ने निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शेख के सुरक्षाकर्मी दीदार बख्श को गिरफ्तार किया है, जो हमलों के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज की गई तीन प्राथमिकी में से एक में शिकायतकर्ता है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने इन प्राथमिकी की जांच सीबीआई को सौंप दी है।
तीनों शेख के करीबी सहयोगी
सीबीआई ने मामले में सरबेरिया गांव के पंचायत प्रधान जियाउद्दीन और एक अन्य व्यक्ति फारुक अकुंजी को भी गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने कहा कि ये तीनों शेख के करीबी सहयोगी हैं, जिन्हें हमले का साजिशकर्ता माना जाता है।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, गिरफ्तार तीनों लोगों को कल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने सोमवार को मामले में पूछताछ के लिए शेख के नौ करीबी सहयोगियों को बुलाया था।
हमले में उसकी भूमिका की जांच
उन्होंने बताया कि एजेंसी को संदेह है कि ये नौ व्यक्ति पांच जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हुए हमले में कथित तौर पर संलिप्त थे और इन्होंने ईडी टीम पर हमला करने के लिए भीड़ को उकसाया था। पांच जनवरी को संदेशखालि में शेख के परिसरों पर छापा मारने गई ईडी टीम पर हमला किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि शेख 14 मार्च तक सीबीआई की हिरासत में है और हमले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




