महाराष्ट्र में सरकार गठन के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने शेरो-शायरी के जरिए भाजपा पर निशाना साधा है। संजय राउत ने बशीर बद्र की एक शायरी ट्विटर पर साझा किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “यारों नए मौसम ने यह अहसान किया है। याद मुझे दर्द पुराने नहीं आते।”

इससे पहले संजय राउत ने शुक्रवार सुबह ट्वीट में लिखा था, “बन्दे हैं हम उसके हम पर किसका जोर, उम्मीदों के सूरज निकले चारों ओर।” वही, गुरुवार को संजय राउत ने ट्विटर पर लिखा था कि अब हारना और डरना मना है। बता दें कि शिवसेना नेता महाराष्ट्र में मौजूदा राजनीतिक खींचतान के बीच लगातार रोज एक ट्वीट कविता और शायरी के जरिए सियासी हालात पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
बता दें कि तीनों दलों (शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस) ने साझा न्यूनतम कार्यक्रम (सीएमपी) का मसौदा तैयार कर लिया है जिससे राज्य में उनके गठबंधन का एजेंडा निर्धारित होगा। इससे पहले पिछले दो दशक में राज्य की सियासत भाजपा-शिवसेना और कांग्रेस-राकांपा गठबंधन के इर्दगिर्द घूमती रही है।
शिवसेना ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- नए समीकरण से कई लोगों के पेट में दर्द
भाजपा और शिवसेना ने गठबंधन में रहते हुए 21 अक्टूबर का विधानसभा चुनाव लड़ा था। 288 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 105 सीटें और शिवसेना ने 56 सीटें जीती थीं, जो सरकार बनाने के लिये बहुमत के आंकड़े को छू रही थीं। कांग्रेस और राकांपा ने क्रमश: 44 और 54 सीटें जीती थीं।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मंगलवार को केंद्र को एक रिपोर्ट भेजकर मौजूदा स्थिति को देखते हुए राज्य में स्थिर सरकार के गठन को असंभव बताया था, जिसके बाद से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।


Download Android App
Download iOS App



