बीजेपी ने मध्य प्रदेश की तीन और लोकसभा सीटों के लिए शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की जिसमें पार्टी ने अपने मौजूदा दो सांसदों का टिकट काट दिया है। इससे पहले 23 मार्च को जारी अपनी 15 प्रत्याशियों की पहली सूची में बीजेपी अपने पांच मौजूदा सांसदों का टिकट काट चुकी है।
अब तक पार्टी ने मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 18 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर अपने मौजूदा सात सांसदों के टिकट काटे हैं। दूसरी सूची में बीजेपी ने बालाघाट के सांसद बोध सिंह भगत एवं खरगोन के सांसद सुभाष पटेल को दोबारा टिकट नहीं दिया है। इनके स्थान पर बालाघाट से ढाल सिंह बिसेन एवं खरगोन से गजेन्द्र पटेल को पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है।
पार्टी ने राजगढ़ के मौजूदा सांसद रोडमल नागर पर फिर से भरोसा जताते हुए उन्हें उसी सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पहली सूची में जिन मौजूदा पांच सांसदों का टिकट काट दिया गया था, उनमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भानजे अनूप मिश्रा (मुरैना), भिण्ड के सांसद डॉ भागीरथ प्रसाद, शहडोल से सांसद ज्ञान सिंह, उज्जैन से सांसद प्रो. चिन्तामणि मालवीय एवं बैतूल से सांसद ज्योति धुर्वे शामिल थे।
मध्य प्रदेश में चार चरणों में 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई एवं 19 मई को मतदान होना है। वर्तमान में मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से 26 पर भाजपा का कब्जा है, जबकि 3 सीटें कांग्रेस के पास हैं।


Download Android App
Download iOS App



