मुंबई में शरद पवार के पित्ताशय का हुआ ऑपरेशन, हालत स्थिर

Summary :

सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार के पित्ताशय का मुंबई के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ। पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक ने बताया कि अब उनकी स्थिति स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार के पित्ताशय का मुंबई के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ। पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक ने इस बारे में बताया। तेज पेट दर्द की वजह से रविवार को शरद पवार (80) को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया था। पिछले महीने एक चिकित्सिय प्रक्रिया के बाद शरद पवार को एक महीने तक आराम करने की सलाह दी गई थी। 
मलिक ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष शरद पवार साहेब के पित्ताशय का सोमवार को डॉ. बलसारा ने सफल लैप्रोस्कोपी ऑपरेशन किया। अब उनकी स्थिति स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इससे पहले 30 मार्च को राकांपा अध्यक्ष की पित्त वाहिका से एक पथरी निकालने के लिए अस्पताल में आपातकालीन एंडोस्कोपी सर्जरी की गई थी। 
इसके बाद उन्हें सात दिन तक आराम करने की सलाह दी गई थी। मलिक ने बताया कि करीब 15 दिन बाद उनका ऑपरेशन होना था। इसलिए वह रविवार को अस्पताल में भर्ती हुए और आज सुबह ही उनका ऑपरेशन हुआ। पवार की पार्टी महाराष्ट्र में शिवसेना और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सत्ता में है।

Desk Team