राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को कहा कि वीआईपी लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने से बचना चाहिए क्योंकि इससे राहत एवं बचाव अभियान प्रभावित होते हैं। बाढ़ राहत कार्यों में उनकी पार्टी के योगदान के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और एलओपी ने महाराष्ट्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मुझे इसमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन मेरा व्यक्तिगत अनुभव कहता है कि वीआईपी के दौरे से बचाव और राहत कार्यों में बाधा आती है। जो लोग राहत कार्यों से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं उन्हें ऐसी यात्राओं से बचना चाहिए।
पवार ने कहा कि वीआईपी दौरे से स्थानीय तंत्र और अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव उत्पन्न होता है और बचाव कार्य से भी उनका ध्यान भटक जाता है। महाराष्ट्र के राज्यपाल बीएस कोश्यारी के मंगलवार को किए बाढ़ ग्रस्त इलाकों के दौरे पर तंज कसते हुए पवार ने कहा कि हो सकता है कि वह राज्य को केंद्र सरकार से धन और अधिक मुआवजा दिलाने में मदद करें।
पवार ने कहा कि राकांपा अगले दो-तीन दिन में बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिकित्कीय दल और बचाव सामग्री भेजेगी। राज्य सरकार के अनुसार, महाराष्ट्र में बारिश संबंधी घटनाओं में 192 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी तक 2,29,074 लोगों को बाढ़ एवं बारिश ग्रस्त इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



