शिवसेना विधायक आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को कहा कि सोशल मीडिया ट्रोल्स को नजरअंदाज किया जाना चाहिये। उन्होंने शिवसेना की पूर्व सहयोगी भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि ‘जिन्होंने वादे पूरे नहीं किये वे अब सत्ता में नहीं हैं।’
दरअसल, शिवेसना प्रमुख तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 15 दिसंबर को संशोधित नागरिकता कानून का विरोध कर रहे जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई की तुलना 1919 के जलियावालां बाग नरसंहार से की थी, जिसपर पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस की पत्नी अमृता फड़णवीस ने उद्धव की आलोचना की थी। अमृता फड़णवीस के बयान की ओर इशारा करते हुए आदित्य ने शुक्रवार को अपने पिता का बचाव किया।
बैंकर अमृता फड़णवीस ने ट्वीट किया था, ‘कोई भी अपने नाम के आगे ठाकरे लगाकर ठाकरे नहीं बन सकता। व्यक्ति को सच्चा, सिद्धांतवादी बनने की जरूरत है और अपने परिवार तथा सत्ता की ललक से ऊपर उठकर लोगों और पार्टी के सदस्यों की बेहतरी के लिए सोचना चाहिए।’
आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, ‘सोशल मीडिया ट्रोल्स को नजरअंदाज कर देना चाहिये और विकास कार्यों पर ध्यान लगाना चाहिये। जिन लोगों ने वादे पूरे नहीं किये अब वे सत्ता में नहीं है। हमें उनका दर्द समझना चाहिये।’


Download Android App
Download iOS App



