2024 चुनावों को लेकर शुरू हुआ अटकलों का दौर, रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने दूसरी बार की शरद पवार से मुलाकात

Summary :

रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सोमवार को यानी आज एक बार फिर से राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के चीफ शरद पवार से मुलाकात की।

रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सोमवार को यानी आज एक बार फिर से राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के चीफ शरद पवार से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक शरद पवार ने दिल्ली में प्रशांत किशोर के साथ बैठक की। पिछले 15 दिनों के अंदर दोनों की यह दूसरी मुलाकाता है, जिसके बाद सियासी अटकलें फिर से तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि अगले लोकसभा चुनावों में विपक्षी दल पीएम मोदी के खिलाफ एक साझा प्रत्याशी को चुनावी मैदान में उतार सकते हैं। 
यही कारण है जिस कारण प्रशांत किशोर के साथ शरद पवार की मुलाकात को अहम माना जा रहा है। इससे पहले 11 जून को प्रशांत किशोर शरद पवार से उनके मुंबई वाले आवास पर मिले थे। दरअसल, दोनों की मुलाकात को 2024 में होने वाले आम चुनावों की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। खबरों के मुताबिक दिल्ली और अलग-अलग राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विरोधी दलों को एक मंच पर लाने को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। 
बता दें कि किशोर और पवार की पिछली बैठक 3 घंटे तक चली थी लेकिन इसके बाद भी कोई बयान जारी नहीं किया गया था, जिसके बाद यह कयासबाजी शुरू हो गई थी कि शरद पवार के नेतृत्व में 2024 लोकसभा चुनावों में महागठबंधन बनाए जाने की कवायद के तहत यह मुलाकात हुई। शरद पवार के ऑफिस ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया था। प्रशांत किशोर अब तक नरेंद्र मोदी, जगन मोहन रेड्डी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे की पार्टी के लिए बतौर चुनावी रणनीतिकार काम कर चुके हैं।

Desk Team