रांची यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी का छज्जा टूटकर गिरने से एक छात्र की मौत हो गयी। बुधवार लगभग 11 बजे हुई इस घटना से गुस्साए सैकड़ों छात्रों ने लाइब्रेरी के पास की सड़क को जाम कर दिया है। वे विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे हैं।
छात्र की पहचान झारखंड के रामगढ़ निवासी संतोष के रूप में
मृतक छात्र की पहचान झारखंड के रामगढ़ निवासी संतोष के रूप में हुई है।बताया गया है कि हर दिन की तरह संतोष विश्वविद्यालय के मोरहाबादी कैंपस स्थित लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए पहुंचा था। लाइब्रेरी के बाहर साइकिल खड़ी करने के दौरान ही बिल्डिंग का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आकर छात्र बुरी तरह घायल हो गया। उसके दोस्त उसे उठाकर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
बड़ी संख्या में छात्र हुए एकजुट
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र जुट आए। छात्रों का कहना है कि यह हादसा यूनिवर्सिटी प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी के साथ-साथ हॉस्टल और कई भवनों की हालत जर्जर हो चुकी है। बार-बार मांग करने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने इनकी मरम्मत नहीं कराई और अंतत: आज एक निर्दोष छात्र की जान चली गई।
प्रदर्शन कर रहे लोग छात्र के परिजनों के लिए 20 लाख मुआवजा और किसी एक परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक विश्वविद्यालय का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।


Download Android App
Download iOS App



