आंध्रप्रदेश विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हार का स्वाद चखने के करीब एक हफ्ते बाद तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को अपने पार्टी सदस्यों को हार की वजह से दिल छोटा नहीं करने के लिए कहा। निवर्तमान मुख्यमंत्री अपनी पत्नी नारा भुवनेश्वरी और बेटे नारा लोकेश के साथ गुंटूर में तेदेपा कार्यालय में अपने ससुर और पार्टी के संस्थापक एन.टी. रामा राव की 97वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल हुए।
पार्टी के झंडे को फहराने के बाद, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उन्हें निराश नहीं होने के लिए कहा। एनटीआर को श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए, नायडू ने कहा कि उन्होंने तेलुगू लोगों को राष्ट्रीय और यहां तक की अतंर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाई।
उन्होंने पार्टी नेताओं को एनटीआर के कदमों पर चलने की सलाह दी, जिन्होंने चुनावी हार के बावजूद भी आत्मविश्वास नहीं खोया था और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई थी। नायडू ने कहा कि बीते चार दिनों में कई लोग उनके पास आए और कहा कि वे बीते तीन दशकों से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं और वे भविष्य में भी पार्टी के साथ जुड़े रहेंगे।
नायडू ने कहा कि पार्टी उनके लिए परिवार से ज्यादा महत्वपूर्ण है और वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहेंगे। 69 वर्षीय नेता ने कहा कि वह गुंटूर में प्रत्येक दिन तेदेपा कार्यालय आएंगे और तीन घंटों के लिए पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रहेंगे। नायडू ने चुनाव नतीजों की समीक्षा करने को भी कहा। तेदेपा की आंध्रप्रदेश इकाई के प्रमुख काला वेंकट राव, सांसद गाला जयदेव और वरिष्ठ नेता कोडेला शिवप्रसाद राव और वाई. रामकृष्णुदू भी इस मौके पर मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



