तेलंगाना से एक दर्दनाक हादसे की ख़बर सामने आई है। दरअसल, मेडक जिले के चिन्ना शिवनूर गांव में बीते मंगलवार को देर रात एक घर में रसोई गैस विस्फ़ोट हो गया। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, एलपीजी सिलेंडर फटने से घर में आग लगने से छह साल की बच्ची और उसकी 60 साल की दादी की मौत हो गई।
घर पूरी तरह से नष्ट हो गया
मृतकों की पहचान मधु और उसकी दादी अंजम्मा के रूप में हुई है। विस्फोट के चलते घर पूरी तरह से नष्ट हो गया। पुलिस के अनुसार, हैदराबाद में दो बेटों के साथ रहने वाली अंजम्मा मंगलवार को अपनी पोती के साथ राशन की दुकान से चावल लेने और मासिक पेंशन लेने के लिए गांव आई थी।
गांव में दहशत फैल गई
आधी रात को हुए जोरदार धमाके से गांव में दहशत फैल गई। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस को संदेह है कि गैस रिसाव के कारण यह घटना हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।


Download Android App
Download iOS App



